23 फ़रवरी 2019 - 13:21
सऊदी क्राउन प्रिंस की चीन यात्रा के दौरान, चीन का सऊदी नागरिकों के लिए अनोखा तोहफ़ा

सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की चीन यात्रा के परिणाम स्वरूप सऊदी स्कूलों और यूनिवर्सिटियों में चीनी भाषा पढ़ाई जाएगी।

सऊदी मीडिया के मुताबिक़, सऊदी अरब में शिक्षा के सभी चरणों में चीनी भाषा इसलिए पढ़ाई जाएगी, ताकि दोनों देशों के बीच व्यापारिक एवं सांस्कृतिक सहयोग और संबंध अधिक मज़बूत हो सके।

सऊदी न्यूज़ एजेंसी वास की रिपोर्ट के मुताबिक़, सऊदी स्कूलों, कालेजों और विश्वविद्यालयों में चीनी भाषा पढ़ाए जाने के समझौते से मोहम्मद बिन सलमान के विज़न (vision) 2030 को हासिल करने में मदद मिलेगी।

हालांकि सऊदी अरब में चीनी भाषा के पढ़ाए जाने की ख़बर मीडिया में आने के बाद, सोशल मीडिया पर इसका ख़ूब मज़ाक़ उड़ाया जा रहा है।

कुछ लोगों का कहना है कि सऊदी शासन को चाहिए कि पहले वह अरबी भाषा ही सऊदी छात्रों को सही पढ़ा लें, उसके बाद चीनी भाषा जो विश्व की सबसे कठिन भाषाओं में से एक है उसे पाठ्यक्रम में शामिल करें।

कुछ अन्य लोगों ने आले सऊद शासन से पूछा है कि क्या सऊदी अरब के यह क़दम उठाने के बाद, चीन भी अपने यहां स्कूलों और यूनिवर्सिटियों के पाठ्यक्रम में अरबी भाषा को शामिल करेगा।